अमेरिकी F-35 के सामने रूस ने पेश किया अपना ‘हवाई योद्धा’

मास्को
दुनिया में तेजी से बढ़ते आर्म्स रेस के बीच रूस ने अमेरिकी F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों से टक्कर के लिए अपना हवाई योद्धा मैदान में उतार दिया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को अपने पांचवीं पीढ़ी के अत्याधुनिक सुखोई लड़ाकू विमान Su-57E को राजधानी मास्को के नजदीक आयोजित एयर शो में निर्यात के लिए दुनिया के सामने पेश किया। यह विमान रेडार की पकड़ में आए बिना सुपरसोनिक स्पीड से उड़ान भरकर दुश्मन के ठिकानों को तबाह कर सकता है।
पुतिन के सामने ही इस ‘हवाई योद्धा’ को खरीदने के लिए ग्राहक भी मिलने शुरू हो गए। एयर शो के दौरान पुतिन के साथ मौजूद तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तईप एर्दोआन ने सुखोई-57E को देखते ही उसके मुरीद हो गए और उन्होंने खरीदने का प्रस्ताव दे डाला। एर्दोगान ने पुतिन से कहा, ‘क्या यह विमान बिक्री के लिए उपलब्ध है?’ इस पर पुतिन ने कहा, ‘हां, आप इसे खरीद सकते हैं।
इससे पहले तुर्की अमेरिका से पांचवीं पीढ़ी का रेडार की पकड़ में न आने वाला लड़ाकू विमान F-35 खरीद रहा था लेकिन अंकारा के मास्को से S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदने के बाद यह डील रद्द हो गई। अमेरिका से 100 एफ-35 लड़ाकू विमान की डील रद्द होने के बाद अब तुर्की की नजर रूस के Su-57E पर है। बताया जा रहा है कि तुर्की के साथ मिलकर रूस इस विमान के सह उत्पादन पर भी बात कर रहा है।
