जहां भी हो रहा चुनाव, भाजपा को मिल रही है करारी हार: ममता बनर्जी

जहां भी हो रहा चुनाव, भाजपा को मिल रही है करारी हार: ममता बनर्जी
Spread the love

कोलकाता

तृणमूल प्रमुख व बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार पर तंज कसते हुए कहा कि देश में जहां कहीं भी चुनाव हो रहे हैं भाजपा को हार मिल रही है क्योंकि जनता ने भाजपा को नकार दिया है। बांकुड़ा जिले में तृणमूल कांग्रेस के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित सभा मंच से भाजपा पर हमलावर ममता बनर्जी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने छात्रों व महिलाओं को प्रताडि़त करने वालों का करारा जवाब दे दिया है।

बकौल ममता लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा का अत्याचार बढ़ गया था, लेकिन आज नौबत यह है कि एक के बाद एक राज्यों में भाजपा की करारी हार हो रही है और पार्टी जल्द ही सभी राज्यों को खो देगी। उन्होंने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी को मिली जीत से बेहद खुश हूं क्योंकि यह लोकतंत्र की जीत हुई है।

ममता ने कहा कि आप की जीत इस बात के प्रमाण हैं कि राजनीति में क्षेत्रीय दलों की पैठ मजबूत हुई है। मैंने अरविंद केजरीवाल को फोन पर शुभकामनाएं दी और उन्होंने मुझे शपथ ग्रहण समारोह में आने का आमंत्रण दिया है। इससे पहले सुश्री बनर्जी ने पहले फोन कर और फिर ट्वीट कर केजरीवाल को शुभकामनाएं दी। ट्वीटर कर कहा कि लोगों ने भाजपा को नकार दिया है। केवल विकास ही काम करेगा क्योंकि नागरिकता कानून, एनआरसी और एनपीआर को लोगों ने नकार दिया है।

सभा मंच से ममता ने भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि देश में आज नफरत फैलाने की राजनीति हो रही है। मेरा मानना है कि राजनीति देशहित से जुड़ा हुआ, शांति और विकास आधारित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति करने वालों को जनता जवाब दे रही है। भाजपा ने पहले महाराष्ट्र फिर झारखंड और अब दिल्ली को गवां दिया है।

ममता ने आरोप लगाया कि दिल्ली में केंद्रीय एजेंसियों के जरिए सत्ता दखल की कोशिश की गई लेकिन ये जो पब्लिक है वह सब जानती है और जनता को इस तरह की बदले की राजनीति पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि आम जनता को रोजगार, विकास चाहिए और भाजपा की हार आप को मिली जीत इस बात के प्रमाण हैं।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!