पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ दिल्ली-एनसीआ में कांग्रेस का प्रदर्शन
बीते बीस से ज्यादा दिनों से पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब तो हाल ये है कि पेट्रोल से ज्यादा डीजल की कीमत है। ऐसे में आज कांग्रेस पार्टी दिल्ली-एनसीआर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।
दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी आज सुबह ही पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम के खिलाफ सिविल लाइन में घोड़ागाड़ी में बैठकर विरोध प्रदर्शन करने निकले। हालांकि पुलिस ने उन्हें ज्यादा आगे नहीं जाने दिया और वहीं हिरासत में ले लिया। साथ ही उनकी घोड़ा गाड़ी भी जब्त कर ली।
इसके साथ ही आईपी कॉलेज के सामने भी प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस बस में भरकर ले गई। पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम के खिलाफ रायसीना रोड पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। यहां ये लोग बैलगाड़ी और तख्तियां लेकर पहुंचे।
गाजियाबाद
गाजियाबाद जिला कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस धरने पर बैठें हैं। उनकी मांग है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को कम किया जाए, क्योंकि इससे आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार पड़ र रही है।
गुरुग्राम में भी चल रहा प्रदर्शन
राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में कांग्रेस के कार्यकर्ता पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उसके चलते ही गुरुग्राम के कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय पर 10:00 बजे से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुड़ना शुरु कर दिया। 11:00 बजे के करीब रैली निकालते हुए अग्रवाल धर्मशाला रोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका व रैली निकालते हुए ही आगे बढ़े और सचिवालय पहुंच कर उपायुक्त को पेट्रोल के बढ़ते दामों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
फरीदाबाद
फरीदाबाद सेक्टर-12 लघु सचिवालय पर पेट्रोल व डीजल के बढ़े दामों के विरोध में धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता।