बड़े अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर
सफदरजंग, जीटीबी, लोकनायक, आरएमएल सहित दिल्ली के लगभग सभी बड़े अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर शुक्रवार से हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में हड़ताल नहीं है लेकिन अन्य अस्पतालों में ओपीडी, इमरजेंसी और कोविड वार्ड में ड्यूटी देने से रेजिडेंट डॉक्टरों ने साफ इनकार कर दिया है। इसी के साथ ही मरीजों के लिए भी अब इलाज ले पाना काफी परेशानी से भरा हो सकता है।
स्वास्थ्य सेवाएं बरकरार रखने के लिए वरिष्ठ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है लेकिन एक सप्ताह पहले हुई हड़ताल के दौरान वरिष्ठ डॉक्टर न ओपीडी में दिखाई दिए थे और न इमरजेंसी में मिले जिसके चलते सफदरजंग अस्पताल में एक महिला मरीज की मौत तक हो गई थी।
बृहस्पतिवार को जीटीबी के रेजिडेंट डॉक्टरों ने नीट पीजी काउंसलिंग में देरी के चलते शुक्रवार सुबह नौ बजे से हड़ताल पर जाने की सूचना दी है। अस्पताल प्रबंधन को लिखे पत्र में रेजिडेंट ने साफ तौर पर लिखा है कि वह किसी भी तरह की स्वास्थ्य सेवाओं में हिस्सेदारी नहीं लेंगे।