केन्द्र ने कहा: SYL मुद्दे पर पंजाब-हरियाणा में नहीं बनी सहमति

केन्द्र ने कहा: SYL मुद्दे पर पंजाब-हरियाणा में नहीं बनी सहमति
Spread the love

नई दिल्ली/चंडीगढ़

केन्द्र ने सोमवार को कहा कि पंजाब एवं हरियाणा, सतलुज यमुना सम्पर्क नहर (एसवाईएल) मुद्दे के समाधान को लेकर कोई मध्यम मार्ग निकालने पर सहमत नहीं है। जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने केन्द्र को निर्देश दिया था कि एसवाईएल मुद्दे पर पंजाब एवं हरियाणा के साथ बातचीत कर कोई मध्यम मार्ग निकाला जाए।

उन्होंने कहा कि इसे लेकर केन्द्र ने दोनों राज्यों से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि इस बातचीत में दोनों ही राज्य कोई मध्यम मार्ग निकालने पर सहमत नहीं है। शेखावत ने कहा कि केन्द्र अब इस बारे में उच्चतम न्यायालय को दोनों राज्यों के पक्ष से अवगत करा देगा। उल्लेखनीय है कि एसवाईएल के तहत पंजाब की सतलुज नदी को नहर के जरिए हरियाणा में यमुना नदी से जोड़े जाने का लक्ष्य है।

यह योजना विभिन्न कारणों के चलते कई दशकों से लटकी पड़ी है। यह मामला वर्तमान में उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है और शीर्ष न्यायालय ने इस मामले में समाधान निकालने के लिए केन्द्र को दोनों राज्यों से बातचीत करने का निर्देश दिया था।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!