दुमका : ताजिया देख रहे लोगों पर गिरी छत की रेलिंग, बच्ची की मौत

दुमका : ताजिया देख रहे लोगों पर गिरी छत की रेलिंग, बच्ची की मौत
Spread the love

दुमका
झारखंड में दुमका जिले से मुहर्रम के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां सरैयाहाट के जमुआ गांव में सोमवार को मुहर्रम को लेकर निकाले गए ताजिया को देख रहे लोगों पर छत की रेलिंग गिर गई। वहीं इस हादसे में 10 वर्षीय बच्ची कुलसुम खातून की मौत हो गई, जबकि 8 महीने के बच्चे सहित 4 लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। मुहर्रम पर्व से एक दिन पहले गांवों में छोटा मुहर्रम मनाते हैं। परंपरा के मुताबिक लोग गांव में घूम-घूम कर लाठी खेलते हैं और करतब दिखाते हैं। इसी परंपरा के तहत मुहर्रम के एक दिन पहले जमुआ गांव में ही अखाड़ा के युवक करतब दिखा रहे थे।
जुलूस को वीजेंद्र मंडल की छत पर और उसके नीचे बरामदे पर खड़े होकर लोग देख रहे थे। इसी बीच अचानक छत की रेलिंग भरभराकर नीचे गिर गई। इससे नीचे बरामदे पर मौजूद लोग दब गए।
करीब एक दर्जन लोगों को रेलिंग की ईंटों से चोट आई। हादसे में गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट लाया गया। कुलसुम खातून को उसके परिजन प्राइवेट क्लीनिक ले गए, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया। देवघर सदर अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें एक 60 साल के बुजुर्ग और एक 8 महीने का बच्चा भी शामिल है।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!