उत्तराखंड : भारी बर्फबारी से औली, कई गांवों से संपर्क कटा

उत्तराखंड : भारी बर्फबारी से औली, कई गांवों से संपर्क कटा
Spread the love

उत्तराखंड में मौसम ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारी बर्फबारी से पहाड़ से मैदान तक हाड़ कंपाने वाली ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह नैनीताल, धनोल्टी, औली और चकराता में बर्फबारी से और भी ठंड बढ़ गई। वहीं सुबह हुई बर्फबारी के बाद से ही औली, गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग बंद हो गए हैं। चमोली और उत्तरकाशी में कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है। उधर, पिथौरागढ़-घाट मोटर मार्ग दिल्ली बैंड के पास चट्टान गिरने से बंद हो गया है। एन एच से प्राप्त सूचना के अनुसार देर शाम तक खुलने की संभावना है। मुनस्यारी-थल मार्ग भी बर्फबारी के कारण मार्ग बंद है। धानाचूली में बर्फबारी के चलते लोहाघाट-देवीधुरा मोटर मार्ग बंद होने से रोडवेज की 3 बसें रास्ते में फंस गई हैं। पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार को मौसम में बदलाव हुआ है। तापमान में गिरावट आने से अचानक ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं, ठंड बढ़ने से अब बर्फबारी होने की संभावना भी बढ़ गई है। गुरुवार से ही गढ़वाल और कुमाऊं में मौसम का मिजाज बिगड़ गया था। चमोली जिले में बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, औली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी होती रही जो कि आज भी जारी है। गैरसैंण में भी शुक्रवार सुबह से बर्फबारी हो रही है। भराड़ीसैंण में विधानसभा भवन एवं परिसर के आसपास करीब 6 फीट तक बर्फ पड़ी है। यहां पूरे क्षेत्र में चारों तरफ कोहरा छाया है। मौसम विभाग ने आज भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया हुआ है। साथ ही प्रदेश में आज और कल कोल्ड डे कंडीशन भी हो सकती है।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!